Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ पर पीएम मोदी ने बालेंद्र शाह से की बात, कहा-भारत हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार

India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नेपाल के अपने समकक्ष बालेंद्र शाह से बात की और वहां बाढ़ से हुई जान-माल की क्षति पर संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने कहा कि भारत पड़ोसी देश को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत के लोग इस कठिन समय में नेपाल के अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ एकजुटता से खड़ा है भारत: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही के मद्देनजर अपने नेपाली समकक्ष रामचंद्र पौडेल और पड़ोसी देश के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ एकजुटता से खड़ा है।
नेपाल की आपदा पर अमित शाह ने यूपी और बिहार के सीएम से की बात, एनडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका अत्यंत दुखद है। जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। नेपाल में आई इस आपदा के संबंध में बिहार व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की। इसका प्रभाव जिन सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ सकता है, वहां के स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव की टीमों के साथ एनडीआरएफ को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भारत ने नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी
भारत ने बुधवार रात सैन्य परिवहन विमान के जरिए नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी।
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद उप्र के महराजगंज और कुशीनगर जिलों में बढ़ाई गई निगरानी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ पर चिंता जताई और महराजगंज एवं कुशीनगर के जिला प्रशासन को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के कारण महराजगंज और कुशीनगर जिलों में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की आशंका है।
नेपाल में बाढ़ के बाद लापता भारतीयों की स्थिति पर केरलम सरकार की नजर : सतीशन
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल में स्थिति पर नजर रख रही है, जहां अचानक आई बाढ़ के बाद 100 से अधिक भारतीयों के लापता होने की खबर है। (भाषा)



