MP News: मप्र के सागर में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत, सीएम ने दिए जांच के आदेश; उप्र से तस्करी का संदेह

Sagar News: मध्य प्रदेश में सागर जिले की बंडा तहसील में शनिवार की रात जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य की हालत गंभीर है। मामले की शुरुआती जांच में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से शराब की तस्करी की बात सामने आई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जानें, सागर की जिलाधिकारी ने क्या कहा?
सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने बंडा में संवाददाताओं से कहा कि रविवार तड़के चार बजे यह मामला संज्ञान में आया। इसमें अब तक 10 लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हमारा विशेष ध्यान इस बात पर है कि यदि अन्य लोग भी इसकी चपेट में आए हैं, तो उनकी जांच कराकर उनका उपचार किया जाए।
सीएम बोले, सरकार सख्त कार्रवाई करेगी, कांग्रेस ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच का आदेश देते हुए कहा कि सरकार इसमें सख्त कार्रवाई करेगी। वहीं, कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है।
ललितपुर से जहरीली शराब यहां लाई गईः जिलाधिकारी
जिलाधिकारी पाल ने मामले की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जहरीली शराब यहां लाई गई। ललितपुर का एक गिरोह इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त है। चूंकि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है, इसलिए शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने संवाददाताओं से कहा कि जानकारी सामने आते ही जांच शुरू कर दी गई और अब तक जितने भी संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक जांच में सामने आया है कि जहरीली शराब का स्रोत उत्तर प्रदेश का ललितपुर हो सकता है। पहले भी इस प्रकार के मामलों में ललितपुर के गिरोहों की संलिप्तता सामने आई है। इसी दिशा में हम जांच कर रहे हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ हो रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर मामले की जड़ तक पहुंचा जा सके।स्थानीय स्तर पर शराब तस्करों को संरक्षण दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर सुजानिया ने कहा कि यदि जांच में इसकी पुष्टि हो जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ललितपुर से सागर की सड़क मार्ग से दूरी लगभग 110 से 120 किलोमीटर है।
सीएम ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
दिल्ली के दौरे पर गए मुख्यमंत्री यादव ने एक बयान में कहा कि सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब के सेवन से हुई मौतों का समाचार अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहेः कांग्रेस
सागर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंडा क्षेत्र में हुई मौतों को लेकर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की। पटवारी ने ग्वालियर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने दावा किया कि सागर में जहरीली-अवैध शराब ने 11 लोगों की जान ले ली है तथा 25 से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। यह सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि सरकार की नाक के नीचे चल रहे अवैध शराब के कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर सवाल है। इससे पहले उज्जैन से नकली शराब का मामला सामने आ चुका है। आखिर मध्य प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार कब रुकेगा? किसके संरक्षण में यह जहरीला कारोबार फल-फूल रहा है?
11 लोगों की मौत का दावा
बंडा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक वीरेंद्र लोधी ने 11 लोगों की मौत और 25 लोगों के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन होने का दावा किया। पूर्व विधायक तरवर लोधी ने इस घटना पर कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है। (भाषा)



