Crime News: दिल्ली में गोलीबारी में शामिल शूटर गिरफ्तार, यूपी में दहेज के लिए पत्नी की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में नांगलोई और अलीपुर इलाकों में चार नवंबर को हुई गोलीबारी की घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक शूटर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। रामनिवास उर्फ मोगली को शाहबाद डेयरी इलाके के पास से एक मामूली मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। वह उन तीन लोगों में शामिल है जिन्होंने जबरन वसूली के लिए नांगलोई और अलीपुर में एक शोरूम तथा एक कार्यालय के बाहर गोलीबारी की थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उसका (रामनिवास) अस्पताल में इलाज हो रहा है। उसके पास से एक मोटरसाइकिल और दो हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मिली जानकारी के आधार पर खेड़ा नहर के पास जाल बिछाया गया।
यूपी के महाराजगंज में दहेज के लिए पत्नी की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के महाराजगंज की एक अदालत ने एक व्यक्ति को तीन साल पहले दहेज के लिए अपनी पत्नी की हत्या करने का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर पुलिस अधीक्षक असित कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि अपर सत्र एवं विशेष न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) फूल चंद कुशवाहा ने आरोपी जितेंद्र चौहान को अपनी पत्नी प्रीति चौहान (25) को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद उसकी हत्या करने का मंगलवार को दोषी करार दिया।
नोएडा में बच्ची से बालश्रम कराने के आरोप में दंपति और बच्ची के रिश्तेदारों पर केस
गौतमबुद्ध नगर थाना सेक्टर 142 के सेक्टर 137 में एक सोसाइटी में रहने वाले दंपति के खिलाफ 11 वर्षीय बच्ची से बाल श्रम कराने और उसके साथ मार-पीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, बच्ची के रिश्तेदारों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 142 में पदस्थ महिला उपनिरीक्षक चंचल ने सेक्टर 137 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले दंपति व बच्ची की माता और उसके मौसा-मौसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
असम के गुवाहाटी में तीन करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, चार गिरफ्तार
असम के गुवाहाटी से तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं और इस सिलसिले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। गुवाहाटी पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शहर के हाटीगांव इलाके में एक ‘गेस्ट हाउस’ से हेरोइन और ‘याबा’ की गोलियां जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए।
जयपुर में रेल पटरियों पर वाहन चढ़ाने वाले पर केस दर्ज
जयपुर में रेल पटरियों पर थार वाहन अनधिकृत रूप से चढ़ाकर ‘स्टंट’ की कोशिश करने के आरोपी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस गाड़ी को जब्त कर लिया गया और उसके चालक की पहचान कर ली गई है। रेलवे के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल अधिनियम की धारा 153, 174, 147 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर गाड़ी ज़ब्त कर ली गई। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है तथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (भाषा)



