Delhi Election 2025: अरविंद केजरीवाल बोले, दिल्ली के जाट समुदाय को ओबीसी सूची में शामिल करे केंद्र सरकार

दिल्ली (Delhi) में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर राजधानी के जाट समुदाय को आरक्षण देने के वादे से मुकरने का आरोप लगाया।
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, की ये मांग
केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली के जाट समुदाय को केंद्र सरकार की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र पर पिछले एक दशक से समुदाय को गुमराह करने और वादों को पूरा करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि 2015 में भाजपा ने जाट नेताओं को प्रधानमंत्री आवास पर आमंत्रित किया और उन्हें आश्वासन दिया कि दिल्ली के जाट समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किया जाएगा। (भाषा)



