राजनीति

UP Politics: अखिलेश यादव बोले, सपा सरकार आने पर कन्नौज में सम्राट हर्षवर्धन की सोने की प्रतिमा लगाई जाएगी

UP News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य में सपा सरकार आने पर कन्नौज के सम्राट हर्षवर्धन की सोने की प्रतिमा लगाई जाएगी।

कन्नौज के पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित
कन्नौज के पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव के निधन पर फर्रुखाबाद स्थित उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने के बाद वापस लौटते समय अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में सपा सरकार आने पर कन्नौज के सम्राट हर्षवर्धन की सोने की प्रतिमा लगाई जाएगी।

जानें, कौन थे सम्राट हर्षवर्धन
सम्राट हर्षवर्धन प्राचीन भारत में एक राजा थे, जिन्होंने 606 ई से 647 ई तक राज किया और उनकी राजधानी उत्तर प्रदेश के कन्नौज में थी।

कहा, कन्नौज के विकास में छोटे सिंह यादव का बड़ा योगदान रहा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव फर्रुखाबाद से वापस जाते समय कन्नौज में सपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पत्रकारों से वार्ता की। अखिलेश यादव ने यहां कहा कि पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव का निधन सपा के लिए बड़ी क्षति है। कन्नौज के विकास में छोटे सिंह यादव का बड़ा योगदान रहा, उनकी कमी हमेशा रहेगी। जो रास्ता उन्होंने दिखाया, उसी रास्ते पर चलकर हम समाजवादी विरासत को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

परिजनों से भेंट कर संवेदना प्रकट की
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि आज मैंने फर्रुखाबाद में सहकारिता आंदोलन के पुरोधा, समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक स्व. छोटे सिंह यादव के निधन उपरांत उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए एवं परिजनों से भेंट कर संवेदना प्रकट की। पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव (82) का शुक्रवार को लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया था।

कहा, सब समाजवादियों ने बनाया
पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने मोदी सरकार के 11 साल, प्रदेश के लगभग नौ साल, 20 साल की उपलब्धि बताने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि सब समाजवादियों ने बनाया, लेकिन यह खंभा लगाकर कहेंगे कि सड़क हमने बनाई।

कहा, कन्नौज में जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी को नौ दो ग्यारह कर देगी
सपा मुखिया ने कहा कि कन्नौज में जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी को नौ दो ग्यारह कर देगी।

कहा, अपराध लगातार बढ़ते जा रहे
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं, महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और हर विभाग में लूट-खसोट है।

कहा, बिजली संकट से स्थिति भयावह
प्रदेश में बिजली संकट से स्थिति भयावह होने का दावा करते हुए कहा कि गर्मी से लोग बेहाल है तथा भाजपा सरकार ने नौ साल में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया।

अहमदाबाद विमान हादसा बहुत दुखद
अखिलेश ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। हमारी प्रार्थना है कि इस तरह की घटना दोबारा न हो। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button