Delhi Crime: बहन से दुर्व्यवहार करने पर जीजा की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली (Delhi) के खिचड़ीपुर में जीजा की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपी ने पहले पीड़ित का सिर पत्थर से कुचला और फिर उस पर कई बार चाकू से वार किया।
इसलिए वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने बताया कि आरोपी मनीष कुमार (24) अपने बहनोई द्वारा शादी के बाद शराब के नशे में उसकी बहन को अपमानित करने, परेशान करने और मारपीट करने से कथित तौर पर परेशान था। पुलिस उपायुक्त अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि पुलिस को दो नवंबर को खिचड़ीपुर में झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो पाया कि मनीष कुमार नाम का व्यक्ति घर की तीसरी मंजिल पर रसोईघर में था।
आरोपी ने साथी की मदद से हत्या की बात कबूली
शुरुआती पूछताछ के दौरान कुमार ने एक साथी की मदद से अपने बहनोई अभिषेक उर्फ हल्लन की हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस को मकान के दूसरे कमरे में चटाई में लिपटा अभिषेक का खून से लथपथ शव मिला। अपराध में मुकेश कुमार (19) ने उसका साथ दिया। अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल हथियार, एक चटाई, एक चादर और आरोपी के कपड़े जब्त किए। (भाषा)



