Sonam Wangchuk: जोधपुर जेल से रिहा हुए सोनम वांगचुक

Sonam Wangchuk: केंद्र सरकार द्वारा हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला किए जाने के बाद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को जोधपुर केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया। लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह में हुए हिंसक प्रदर्शनों के दो दिन बाद, 26 सितंबर 2025 को वांगचुक को हिरासत में लिया गया था। विरोध-प्रदर्शनों में 22 पुलिसकर्मियों सहित 45 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
इसलिए लिया गया था हिरासत में
उन्हें लेह के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जनव्यवस्था बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत हिरासत में लिया गया था और फिर जोधपुर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था। वांगचुक अधिनियम के तहत निर्धारित हिरासत अवधि का लगभग आधा समय पहले ही बिता चुके हैं। रातानाडा थाना प्रभारी दिनेश लखावत ने कहा कि केंद्र सरकार के आदेश के बाद वांगचुक को अपराह्न करीब 1:30 बजे जेल से रिहा कर दिया गया। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए यहां मौजूद थीं।(भाषा)



