देश-दुनिया

Cyclone Montha: चक्रवाती तूफान मोंथा का खतरा, इन राज्यों में मचा सकता है तबाही

Cyclone Montha: देश के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान मोंथा का खतरा मंडरा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि चक्रवाती तूफान मोंथा के 28 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मौसम तंत्र पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा और आज सुबह साढ़े पांच बजे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य तथा दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों पर केंद्रित हो गया। यह चक्रवात कई राज्यों में तबाही मचा सकता है।

प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना, भारी वर्षा होने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान मोंथा 28 अक्टूबर की सुबह तक एक प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है और यह 28 अक्टूबर की शाम/रात को काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90-100 किमी प्रति घंटा होगी, जो बढ़कर 110 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। पूर्वी-मध्य अरब सागर के ऊपर अवदाब बना हुआ है। इन दो प्रणालियों की असर से, तटीय आंध्र प्रदेश में 27 से 29 के दौरान, सौराष्ट्र और कच्छ में 27 को , ओडिशा में 28 -29 और छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर, 2025 को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है।

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से बात की
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अधिकारियों को चक्रवात मोंथा के मद्देनजर उन जगहों पर एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया जहां बारिश और बाढ़ की आशंका है। चक्रवात मोंथा मंगलवार सुबह तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नायडू से फोन पर बात की और चक्रवात के बारे में जानकारी ली।

ओडिशा सरकार ने शुरू किया संवदेनशील स्थानों से लोगों को निकालना
ओडिशा सरकार ने बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के क्षेत्र के सोमवार को चक्रवाती तूफान मोंथा में तब्दील होने पर संवेदनशील स्थानों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है और राज्य के आठ दक्षिणी जिलों में 128 आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात कर दिए हैं। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के मद्देनजर राज्य सरकार ने आठ दक्षिणी जिलों के संवेदनशील पहाड़ी और निचले इलाकों से लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया है, जो आसन्न आपदा से प्रभावित हो सकते हैं। चक्रवात से घबराने की जरूरत नहीं है। ईश्वर का स्मरण कर धैर्य बनाए रखें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button