Election Result: महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति और झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन जीत की ओर अग्रसर

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 (Maharashtra Assembly Election 2024) के लिए शनिवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन, महा विकास आघाडी (एमवीए) के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करता नजर आ रहा है, जबकि झारखंड (Jharkhand) में ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलाइंस) जीत की ओर अग्रसर प्रतीत हो रहा है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों से यह जानकारी मिली है।
महायुति गठबंधन महाराष्ट्र की 288 सीट में से 218 पर आगे
इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती के बाद केंद्र के सत्तारूढ़ और विपक्षी गठबंधनों को इस महत्वपूर्ण चुनावी लड़ाई में एक-एक राज्य में जीत मिल सकती है तथा दोनों ही राज्यों के मतदाता बदलाव के बजाय निरंतरता के पक्ष में नजर आ रहे हैं। भाजपा-शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का महायुति गठबंधन महाराष्ट्र की 288 सीट में से 218 पर आगे है। यह सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में एक बड़ी लहर का संकेत है, जबकि कांग्रेस, राकांपा-शरदचंद्र पवार और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे का महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन मात्र 50 सीट पर आगे है।
झारखंड की 81 विधानसभा सीट में से झामुमो नीत ‘इंडिया’ गठबंधन 50 सीट पर आगे
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, झारखंड की 81 विधानसभा सीट में से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत ‘इंडिया’ गठबंधन 50 सीट पर आगे है, जबकि भाजपा नीत राजग 30 सीट पर आगे है। रुझानों के अनुसार, दोपहर तक ‘इंडिया’ गठबंधन 50 सीट – झामुमो 30, कांग्रेस 14 और सहयोगी दल छह सीट पर आगे हैं। मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन की वापसी तय प्रतीत होने के बीच कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘हम झारखंड में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।’’केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महाराष्ट्र में भाजपा की विजयी वापसी के बीच संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजग महाराष्ट्र, झारखंड और बिहार उपचुनाव जीतेगा। हम जीतेंगे, क्योंकि ‘इंडिया’ गठबंधन देश में सांप्रदायिकता फैलाना चाहता है।’’ ये परिणाम भाजपा के लिए उत्साहवर्धक हैं, जिसने पिछले महीने हरियाणा में अभूतपूर्व तीसरी बार जीत हासिल की थी। आम चुनाव के दौरान राज्य में खराब प्रदर्शन के बाद इन परिणामों से पार्टी का उत्साह बढ़ेगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीट पर जीत मिली थी।
भाजपा 125 सीट पर आगे
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र लोकसभा में 48 सांसद भेजता है और उसने संसदीय चुनाव में एमवीए को निर्णायक 30 सीट पर विजयी बनाया था लेकिन उसने इस बार रुख बदलने का फैसला किया। भाजपा 125 सीट पर आगे है। शिवसेना 56 और राकांपा 35 सीट पर आगे है जबकि कांग्रेस सिर्फ 21, शिवसेना (उबाठा) 17 और राकांपा (एसपी) 13 सीट पर आगे है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं अजित पवार अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आगे हैं। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले साकोली निर्वाचन क्षेत्र से मामूली अंतर से आगे हैं तथा शिवसेना (यूबीटी) नेता और मौजूदा विधायक आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा सीट से बढ़त बनाए हुए हैं।
कांग्रेस के विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट संगमनेर में पीछे
कांग्रेस के विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट संगमनेर में पीछे हैं जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण कराड दक्षिण विधानसभा सीट पर पीछे हैं।महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 विधानसभा सीट पर, शिवसेना ने 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे। विपक्ष के एमवीए गठबंधन में, कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एवं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) जैसे दलों ने भी चुनाव लड़ा, जिसमें बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार खड़े किए। वर्तमान राज्य विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के गमलियाल हेम्ब्रोम से 8,202 मतों के अंतर से आगे
झारखंड में दूसरे दौर की मतगणना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के गमलियाल हेम्ब्रोम से 8,202 मतों के अंतर से आगे हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री की पत्नी और झामुमो विधायक कल्पना सोरेन चौथे दौर के बाद भाजपा की मुनिया देवी से 3,019 मतों से पीछे हैं। दूसरे दौर की मतगणना के बाद भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी भाकपा (माले) के राजकुमार यादव से 8,720 वोट से आगे हैं। सरायकेला में, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन तीसरे दौर के बाद झामुमो के गणेश महली से 8,542 मतों से आगे हैं। (भाषा)



