PM Modi 76th Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को 76वें जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं, कहा-सुशासन में नए मानदंड स्थापित किए

PM Modi Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित किए हैं और समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति देने के साथ-साथ उसे नई दिशा भी प्रदान की है। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं।

उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। विगत 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में आपने सुशासन के अनेक नए प्रतिमान स्थापित किए हैं तथा समावेशी विकास को अभूतपूर्व गति एवं नई दिशा प्रदान की है। सांस्कृतिक गौरव की भावना के साथ आधुनिक प्रगति के मार्ग पर चलते हुए हमारे देशवासी, विरासत और विकास के समन्वय को साकार कर रहे हैं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना करती हूं, ताकि आप जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण के अपने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहें।

केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष तथा विकास, जनकल्याण व सुशासन के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी शुभकामनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजधानी नई गति, नए सामर्थ्य और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। रेखा गुप्ता ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शहर का स्वरूप बदल रहा है और इसके साथ लोगों के जीवन में नई सुविधाएं, नए अवसर और नई आशाएं जुड़ रही हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और कई विपक्षी नेताओं ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। खरगे ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।
17 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर की तारीख से एक खास नाता है। दरअसल, वर्ष 1950 में 17 सितंबर के दिन ही नरेंद्र दामोदर दास मोदी का जन्म हुआ, जिन्हें 26 मई 2014 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। पांच बरस बाद 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर चुनाव जीता और उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत की। नौ जून 2024 को उन्होंने लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, जिसके बाद मोदी पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले व्यक्ति हो गए हैं। नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया।(सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



