ED Raid: पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की रेड, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने भाजपा व पीएम मोदी पर साधा निशाना

Punjab Politics: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन से जुड़ी जांच के तहत पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है।
पांच परिसरों पर छापे
अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ स्थित अरोड़ा के आधिकारिक आवास और हरियाणा के गुरुग्राम में एक रियल एस्टेट कंपनी सहित पांच परिसरों पर छापे मारे गए।
भगवंत मान बोले, पंजाब कभी नहीं झुकेगा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज फिरसे भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर भाजपा की ईडी आई है। पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है, जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ईडी-भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।
अरविंद केजरीवाल ने भी ईडी पर साधा निशाना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए मोदी जी ने पंजाब में रोज ईडी की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है। पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़ तोड़ रेड शुरू कर दी। अशोक मित्तल के यहां रेड हुई, अगले दिन उनको भाजपा में शामिल करवा लिया। इसका मतलब ईडी की रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूंढना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें भाजपा में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई। वो भाजपा में शामिल नहीं हुए, तो उनके यहां फिर से रेड करवा दी।
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। उसके बाद औरंगजेब पंजाब पहुंचा। मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। औरंगजेब ने गुरुओं पर बहुत अत्याचार किए। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा। कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)


