UP BJP President: जानें, कौन हैं पंकज चौधरी, क्यों अहम है नियुक्ति; क्या हैं चुनौतियां?

Pankaj Chaudhary: उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया है। रविवार को इसकी औपचारिक घोषणा की गई है। पंकज चौधरी के निर्वाचन का औपचारिक ऐलान केंद्रीय चुनाव अधिकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया। पंकज चौधरी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया था। इस तरह शनिवार को ही उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया था।
इसलिए अहम है नियुक्ति, ये है चुनौतियां
आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर पंकज चौधरी की नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है। आागामी चुनाव में सरकार के खिलाफ संभावित एंटी इनकंबेंसी का मुकाबला करना और भाजपा को तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए मजबूत रणनीति बनाना पंकज चौधरी की अहम चुनौतियां होगी। सबको साथ में लेकर चलना भी अहम रहेगा।
जानें, कौन हैं पंकज चौधरी
पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं। उनका जन्म 20 नवंबर, 1964 को हुआ था। उन्होंने ग्रेजुएशन गोरखपुर यूनिवर्सिटी से की। राजनीति में आने से पहले भी उनका पारिवारिक और सामाजिक आधार मजबूत रहा है।
ऐसा है सियासी सफर
पंकज चौधरी ने राजनीति की शुरुआत 1989 से की थी। गोरखपुर नगर निगम पार्षद से शुरू हुई उनकी राजनीतिक पारी की शुरुआत हुई। वर्ष 1990 में वे भाजपा की जिला कार्यसमिति के सदस्य बने। इसी साल वे उप महापौर भी बन गए। पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए 1991 के लोकसभा चुनाव में टिकट दिया। पंकज चौधरी यह चुनाव जीत गए और लोकसभा पहुंचे। इसके बाद 1996 और 1998 के लोकसभा चुनाव में भी उन्हें जनता का भरपूर समर्थन हासिल हुआ और वे निर्वाचित होकर संसद पहुंचे हैं। अब सबकी नजर पंकज चौधरी पर हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



