Karur Stampede: सुप्रीम कोर्ट ने करूर भगदड़ मामले में सीबीआई जांच के दिए आदेश, पूर्व न्यायाधीश करेंगे जांच की निगरानी

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने करूर में हुई भगदड़ की घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के सोमवार को आदेश दिए हैं। साथ ही, सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी को जांच की निगरानी के लिए गठित समिति का प्रमुख नियुक्त किया।
जानें, क्या है मामला
न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने 27 सितंबर को अभिनेता विजय की रैली में हुई भगदड़ से संबंधित याचिकाओं पर विचार करने और एसआईटी जांच का आदेश देने के लिए मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एन सेंथिलकुमार की आलोचना भी की।
करूर भगदड़ के दो पीड़ित परिवारों का दावा, गुमराह करके सीबीआई जांच की याचिका में नाम किया गया शामिल
करूर भगदड़ की घटना से प्रभावित दो परिवारों ने दावा किया है कि 27 सितंबर को हुई इस दुखद घटना की सीबीआई जांच के अनुरोध के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में उनका नाम गुमराह करके शामिल किया गया। इस घटना में 41 लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि उनके नाम याचिकाओं के समूह में शामिल कर दिए गए, जबकि उन्हें लगा कि ये याचिकाएं उनके परिवार के सदस्यों के लिए मुआवजा और नौकरी की मांग के लिए हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



