Delhi News: दिल्ली में बारिश की संभावना, यमुना का बढ़ रहा जलस्तर; प्रवेश वर्मा बोले-घबराने की जरूरत नहीं

Yamuna River: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं, यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इस बीच, मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से घबराने की जरूरत नहीं, स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली में यहां सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.8 डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत था।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा, लोगों को निकालने का काम जारी
दिल्ली में पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर बुधवार सुबह आठ बजे यमुना नदी का जलस्तर 206.83 मीटर दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका के बीच अधिकारियों ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है और जलस्तर 206.90 मीटर तक पहुंचने का अनुमान जताया है।
मंत्री प्रवेश वर्मा बोले, दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से घबराने की जरूरत नहीं, स्थिति नियंत्रण में
दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (आई एंड एफसी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले छह महीनों में यमुना नदी की जल-वहन क्षमता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। आईटीओ बैराज के निरीक्षण पर आए मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित होने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



