Earthquake: जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके, जानें-क्यों आता है भूकंप; कैसे करें बचाव

Earthquake In Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में शनिवार दोपहर 12ः17 बजे को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई है। हालांकि इस दौरान जान-माल का किसी प्रकार का नुकसान होने की सूचना नहीं है।
इसलिए आता है भूकंप
पृथ्वी की चार प्रमुख परतें हैं, जिसे इनर कोर, आउटर कोर, मेंटल और क्रस्ट कहते हैं। पृथ्वी के नीचे मौजूद प्लेट्स घूमती रहती हैं, जिसके आपस में टकराने पर पृथ्वी की सतह के नीचे कंपन शुरू होता है। जब ये प्लेट्स अपनी जगह से खिसकती हैं तो भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। इस जगह पर सबसे ज्यादा भूकंप का असर रहता है। भूकंप की तीव्रता अगर ज्यादा होती है तो इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए जाते हैं।
भूकंप के दौरान करें ये काम
भूकंप के झटके महसूस होने पर शांत रहे और अपने आसपास के लोगों को भी आश्वस्त करें।
इमारतों से दूर खुली जगहों पर चले जाएं, जहां आसपास कोई इमारत न हो।
भूकंप के झटके महसूस हो तो घर में मौजूद लोग सावधानी बरतें। डेस्क, टेबल, बिस्तर के नीचे छिप जाएं। कांच के दरवाजों, शीशों और खिड़कियों से दूरी बनाकर रखें।
जब तक भूकंप का कंपन बंद नहीं हो जाता है, तब तक अपने घरों में न जाएं।
अगर आप कार या बाइक चला रहे हैं तो उस दौरान आपको झटके महसूस होते हैं। तुरंत ही रुकें और गाड़ी में ही बैठे रहें।
भूकंप आने के दौरान मोमबत्तियां, माचिस और अन्य चीजों का इस्तेमाल न करें।
जानें, कब-कहां आया भूकंप
दक्षिण-पश्चिम ऑस्ट्रेलियाई तट से दूर गत बुधवार को 6.6 तीव्रता का भूकंप आया, लेकिन सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप का केन्द्र अल्बानी से 2,069 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हिंद महासागर में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले गत सोमवार को अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में सोमवार सुबह सैन डिएगो के निकट जोरदार भूकंप आया। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.2 थी और इसका केंद्र सैन डिएगो के पूर्व में जूलियन नामक पर्वतीय शहर के पास था। (भाषा/एएनआई)



