LPG Price Hike: रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपया हुआ महंगा, पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क भी दो रुपये बढ़ा

LPG Price: सरकार ने सोमवार को रसोई गैस की कीमतों में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी बढ़ोतरी करने के साथ ही पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क भी दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया। हालांकि, पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर उत्पाद शुल्क में वृद्धि का कोई असर नहीं होगा।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने किया एलान
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रति सिलेंडर 50 रुपये की यह बढ़ोतरी उज्ज्वला लाभार्थी के लिए होगी और गैर-उज्ज्वला लाभार्थी के लिए भी होगी। हर 15-30 दिनों के बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। पेट्रोल और डीजल के मामले में अगर यह प्रवृत्ति बनी रहती है, तो कीमत में संशोधन होने की संभावना है।
अब इतने रुपये का मिलेगा गैस सिलेंडर
एलपीजी के प्रति सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ेगी। 500 से यह 550 (पीएमयूवाई लाभार्थियों के लिए) हो जाएगी और अन्य के लिए यह 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये हो जाएगी।
दिल्ली में अब 853 रुपये में मिलगा सिलेंडर
14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में यह सिलेंडर 853 रुपये में मिलेगा। लखनऊ में 890.50 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये में सिलेंडर मिलेगा। ’
पेट्रोल-डीजल पर दो रुपये बढ़ी एक्साइज ड्यूटी
सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क दो-दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का एलान किया। हालांकि, एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें नहीं बढ़ेंगी। ये खर्चा पेट्रोलियम कंपनियां उठाएंगी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि पीएसयू तेल विपणन कंपनियों ने सूचित किया है कि आज उत्पाद शुल्क दरों में वृद्धि की जाएगी। इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। दिल्ली में पेट्रोल 94 रुपये और डीजल 87 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी को कच्चे तेल की घटी कीमतों से एडजस्ट किया जाएगा। अगर आगे भी कच्चे तेल के दाम घटते रहे तो पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट आ सकती है।
अवधेश प्रसाद बोले, महंगाई को देखते हुए केंद्र सरकार इस फैसले को तत्काल वापस ले
एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस महंगाई और परेशानी में यह देश के लोगों पर बोझ है। यह महिलाओं के लिए और परेशानी बढ़ाने वाला है। मैं मांग करता हूं कि बढ़ती हुई महंगाई को देखते हुए केंद्र सरकार इस फैसले को तत्काल वापस ले। (भाषा/एएनआई)



