नारी शक्ति

Sunita Williams: पृथ्वी पर आपकी कमी महसूस की गई, सुनीता विलियम्स के धरती पर लौटने पर पीएम मोदी बोले

Sunita Williams News: नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स यूं तो पहले भी दो बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जा चुकी हैं, लेकिन शायद ही उन्होंने यह कल्पना की होगी कि तीसरी बार अंतरिक्ष में जाने के बाद उन्हें वापसी के लिए लंबा इंतजार करना होगा और यह घटना इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। नासा के अंतरिक्षयात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के पृथ्वी पर लौट आए।

सुनीता विलियम्स, साथी अंतरिक्षयात्रियों ने कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया: द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत की बेटी सुनीता विलियम्स तथा उनके साथी अंतरिक्षयात्रियों की धरती पर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने वाली पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है। मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी ऐतिहासिक यात्रा दृढ़ संकल्प, मिल-जुलकर काम करने की भावना और असाधारण साहस की कहानी है। मैं उनके अटूट संकल्प को सलाम करता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

पृथ्वी पर आपकी कमी महसूस की गई, प्रधानमंत्री मोदी ने सुनीता विलियम्स और अन्य के धरती पर लौटने पर कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और ‘क्रू-9’ के सदस्यों का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से लंबे समय बाद पृथ्वी पर लौटने पर स्वागत किया और कहा कि उनका अटूट दृढ़ संकल्प लाखों लोगों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि स्वागत है, क्रू9! पृथ्वी पर आपकी कमी महसूस की गई।

सुनीता विलियम्स की सफलता मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण : मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर बुधवार को प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी सफलता अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है। नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद बुधवार तड़के पृथ्वी पर लौट आए।

सुनीता विलियम्स की वापसी दृढ़ता की ऐतिहासिक जीत है: तमिलनाडु के राज्यपाल
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने बुधवार को कहा कि नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष स्टेशन में वैज्ञानिक मिशन के समापन पर धरती पर वापसी महत्वपूर्ण है, लेकिन यह इससे भी आगे, दृढ़ता की ऐतिहासिक जीत है जिसने साबित किया कि दृढ़ संकल्प और साहस प्रतिकूल परिस्थितियों को उपलब्धि में बदल देते हैं। राज्यपाल ने सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को उनके सफल मिशन पर बधाई दी और कहा कि अनंत अंतरिक्ष में महीनों बिताने से धीरज, अनुकूलनशीलता और दृढ़ संकल्प की सीमाओं का परीक्षण हुआ। रवि ने कहा कि आपने अडिग दृढ़ संकल्प और लचीलेपन के साथ हर चुनौती पर विजय प्राप्त की।

सुनीता विलियम्स के धरती पर लौटने की खुशी में गुजरात में उनके पैतृक गांव में जश्न
नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की धरती पर सुरक्षित वापसी की खुशी में गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित उनके पैतृक गांव झूलासन में जश्न मनाया गया। इस दौरान गांव के एक सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और जुलूस निकाला। जैसे ही अंतरिक्ष यात्री विलियम्स और बुच विल्मोर को लेकर ‘स्पेसएक्स’ का यान अमेरिका में फ्लोरिडा तट के पास उतरा, गांव के लोग खुशी से झूम उठे, आतिशबाजी की गई, नाचने लगे और मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे लगाने लगे। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button