Delhi Election Result: 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा की वापसी तय, केजरीवाल, सिसोदिया सहित कई दिग्गज हारे

Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतगणना के आए रुझानों से अब लगभग स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है।
केजरीवाल और सिसोदिया सहित सत्तारूढ़ दल के कई अन्य प्रमुख नेता चुनाव हारे
रुझानों के मुताबिक आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सत्तारूढ़ दल के कई अन्य प्रमुख नेता चुनाव हार गए हैं।
सिरसा, रेखा गुप्ता और कादियान जीते
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों मनजिंदर सिंह सिरसा और रेखा गुप्ता ने क्रमश: राजौरी गार्डेन तथा शालीमार विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के वीरेंद्र सिंह कादियान ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और भाजपा उम्मीदवार तंवर को 2029 मतों से पराजित किया। सिरसा ने राजौरी गार्डेन से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी धनवती चंदेला को 18190 मतों के अंतर से पराजित किया। शालीमार से भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने आप उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29595 मतों से पराजित किया। (भाषा)



