DA Hike: जानें, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों का कितना बढ़ा महंगाई भत्ता, कब से मिलेगा

केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की बुधवार को घोषणा की। यह एक जुलाई, 2024 से प्रभावी होगी।इससे दिवाली त्योहार से पहले एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों को लाभ होगा। मंत्रिमंडल ने दिवाली से पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) में उनके मूल वेतन/पेंशन पर तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की मंजूरी दी है।
डीए/डीआर बढ़ोतरी एक जुलाई, 2024 से प्रभावी होगी
केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।उन्होंने ने बताया कि डीए/डीआर बढ़ोतरी एक जुलाई, 2024 से प्रभावी होगी। इससे पहले मार्च में सरकार ने एक जनवरी, 2024 से डीए/डीआर को चार प्रतिशत अंक बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था।
डीए/डीआर में वृद्धि से सरकारी खजाने पर 9,448 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा
मंत्री ने कहा कि डीए बढ़ोतरी अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक-औद्योगिक श्रमिकों के 12 महीने के औसत पर आधारित है। डीए/डीआर में वृद्धि से सरकारी खजाने पर 9,448 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह वृद्धि स्वीकृत सूत्र के तहत है जो सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है। इससे करीब 49.18 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 64.89 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा।
जानें, क्या होता है डीए और डीआर
महंगाई भत्ता (डीए) सरकारी कर्मचारियों को दिया जाने वाला एक भत्ता है, जो महंगाई के प्रभाव को कम करने के लिए उनके वेतन में जोड़ा जाता है। वहीं, महंगाई राहत (डीआर) पेंशनभोगियों को दी जाती है, ताकि उनकी पेंशन पर महंगाई का असर कम हो सके।
साल में कितनी बार लागू होता है डीए
केंद्र सरकार हर साल दो बार यानि जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ते को लेकर फैसला लेती है। जनवरी के डीए हाइक की घोषणा मार्च और अप्रैल के बीच में होती। जुलाई के महंगाई भत्ता का फैसले का ऐलान सितंबर-अक्टूबर में किया जाता है। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के ऐलान के साथ सरकार कर्मचारियों तो एरियर भी देती है।
कितनी बढ़ेगी सैलरी
कैबिनेट महंगाई भत्ते में तीन फीसदी का इजाफा करती है, तो कर्मचारी को बेसिक सैलरी का 53 फीसदी डीए मिलेगा। किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो उसे अभी 9000 रुपये डीए मिलता है। तीन फीसदी की बढ़ोतरी के बाद उसे 53 फीसदी यानी 9540 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा। डीए बढ़ने से दिवाली पर राहत मिलेगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



