Weather Update: दिल्ली, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में शनिवार को बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में सामान्यत: बादल छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
हरियाणा के कई जिलों में बारिश की संभावना
हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं। सुबह पानीपत के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं करनाल, सोनीपत और भिवानी में सुबह से ही बादल छाए रहे। विभाग ने रविवार (13 सितंबर) और सोमवार (14 सितंबर) को भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया गया है। इस बीच जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीन कॉलेज छात्रों में से एक का शव करीब 18 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश
राजस्थान के अनेक भागों में पिछले चौबीस घंटों में एक नए मौसम तंत्र के कारण हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य के जयपुर, अजमेर, झुंझुनू, अलवर, कोटपूतली बहरोड़, खैरथल तिजारा, डीग, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौडगढ़, बांसवाडा व प्रतापगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 46.0 मिलीमीटर बारिश मालाखेड़ा (अलवर) में दर्ज की गई। (भाषा/यूनीवार्ता)



