UP Politics: केशव प्रसाद मौर्य का तंज, सपा की लाल टोपी और नीला लिबास, काली करतूतें ढकने का नया प्रयास

UP News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की लाल टोपी और छात्र शाखा में नीला परिधान अपनाने पर तंज कसा है। उनके मुताबिक, यह काली करतूतों को ढकने का नया प्रयास है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा था कि पार्टी की छात्र इकाई छात्र सभा ने नीली टी-शर्ट और जींस को नए ड्रेस कोड के तौर पर अपनाया है।
कहा, लाल टोपी, नीला लिबास-काली करतूतें ढकने का नया प्रयास
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया एक्स के अपने आधिकारिक हैंडल पर सपा का नाम लिए बिना एक पोस्ट में कहा कि लाल टोपी, नीला लिबास-काली करतूतें ढकने का नया प्रयास।
ये लोग दिल से आंबेडकरवादी होने वाले नहीं, मायावती का सपा के नीला रंग इस्तेमाल करने पर तंज
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को विपक्षी दलों खासतौर पर समाजवादी पार्टी पर अपनी पार्टी के परंपरागत नीले रंग को अपनाने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि इससे न तो इनकी संकीर्ण सामंती सोच बदलने वाली और न ही ये लोग दिल से आंबेडकरवादी होने वाले हैं।
सपा की छात्र इकाई ने नीली टी-शर्ट, जींस को नए ड्रेस कोड के तौर पर अपनाया : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की छात्र इकाई ‘छात्र सभा’ ने नीली टी-शर्ट और जींस को नये ड्रेस कोड के तौर पर अपनाया है। उन्होंने बताया कि छात्र सभा युवाओं को जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थानों में दो हफ्ते का छात्र जागरूकता अभियान भी आयोजित करेगी। अखिलेश ने लखनऊ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘छात्र सभा’ न केवल छात्रों को सदस्य के रूप में जोड़ने के लिए उनसे संपर्क करेगी, बल्कि उन्हें सपा की विचारधारा और समाजवादी मूल्यों से भी अवगत कराएगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



