Nari Shakti: एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा ने रचा इतिहास, सशस्त्र बलों में एवीएम रैंक पाने वाली पहली महिला बनीं

Shakti Sharma: भारतीय वायुसेना की अधिकारी शक्ति शर्मा ने इतिहास रचा है। वह देश के सशस्त्र बलों में एयर वाइस मार्शल (एवीएम) या समकक्ष पद प्राप्त करने वाली पहली महिला अधिकारी (गैर-चिकित्सा) बन गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संभाला पद
अधिकारियों ने बताया कि शक्ति शर्मा ने एक सितंबर को वायुसेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (शिक्षा) का पद संभाला।
इसलिए दी गई ये जिम्मेदारी
शक्ति शर्मा को 18 जून 1994 को भारतीय वायुसेना की शिक्षा शाखा में कमीशन मिला था। तीन दशक से ज्यादा के करियर में उन्होंने प्रशिक्षण संस्थानों, फील्ड स्टेशनों, कमांड मुख्यालय और एयर मुख्यालय में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। लंबे अनुभव के बाद अब उन्हें एयर मुख्यालय में सहायक वायुसेना प्रमुख (शिक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय वायु सेना के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
भारतीय वायु सेना ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि भारतीय वायु सेना के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि। एक सितंबर 2026 को एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा भारतीय रक्षा सेवाओं में एयर वाइस मार्शल (या इसके बराबर) का पद पाने वाली पहली महिला अधिकारी (गैर-चिकित्सा) बनीं। उन्होंने असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (शिक्षा) का पद संभाला। यह एक बड़ी उपलब्धि है, जो भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ती है। उनकी तीन दशकों से ज़्यादा की शानदार सेवा पीढ़ियों को शान के साथ आसमान छूने के लिए प्रेरित करती रहेगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



