Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी बोले, दिमागी नक्सल को पहचाने और उसे अलग करें; कांग्रेस ने साधा निशाना

PM Modi: देशभर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। 80वें स्वतंत्रता दिवस लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलवाद को खत्म करने में सफलता मिली है, लेकिन अब दिमागी नक्सल से सावधान रहना होगा तथा उनकी पहचान कर उसे अल-थलग करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि नक्सलवाद और माओवाद ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद किया, अनेक माताओं से उनके बेटे छीन लिए और परिवारों के सपनों को चूर-चूर कर दिया है। इस बीच, पीएम मोदी की दिमागी नक्सल वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने निशाना साधा है।

देशवासियों से 100 दिन के नशा मुक्त युवा अभियान में शामिल होने का किया आह्वान
प्रधानमंत्री ने भारत को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया और लोगों से 100 दिवसीय राष्ट्रव्यापी नशा मुक्त युवा अभियान में शामिल होने का आग्रह किया। नशे की लत को देश के युवाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बताया और इससे निपटने की जरूरत पर बल दिया।

भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का मजबूत दावेदार, प्रतिभा खोज अभियान से अधिक भागीदारी तय होगी
पीएम मोदी ने भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार है और और इसमें देश की अच्छी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पांच से 15 वर्ष की आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। मोदी ने कहा कि सरकार की प्रमुख योजना टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) ने खिलाड़ियों की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह योजना 2014 में शुरू की गई थी।

देश को नई गति देने के लिए शक्ति की सप्तधारा का किया आह्वान
नरेंद्र मोदी ने शक्ति की सप्तधारा का आह्वान किया और कहा कि ये सात शक्तियां भारत को नई गति तथा नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। पीएम मोदी ने कहा कि अगले पांच-सात वर्षों में उन कार्यों को पूरा करने की शक्ति हासिल करनी होगी जो पांच-सात दशकों से अधूरे पड़े हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का स्वतंत्रता दिवस पर 75 मिनट का संबोधन चार वर्षों में सबसे छोटा रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर 75 मिनट का संबोधन दिया, जो पिछले चार वर्षों में उनका सबसे छोटा और अब तक का चौथा सबसे छोटा स्वतंत्रता दिवस भाषण रहा। पिछले वर्ष 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने 103 मिनट का भाषण दिया था, जो उनका अब तक का सबसे लंबा संबोधन था। इससे पहले उन्होंने 78वें स्वतंत्रता दिवस (2024) पर 98 मिनट का भाषण देकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा था। पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस की धूम रही।
दिमागी नक्सल वाली टिप्पणी प्रधानमंत्री की हताशा का स्पष्ट संकेत: कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिमागी नक्सल संबंधी टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि यह उनकी हताशा का स्पष्ट संकेत है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले अपने विरोधियों को शहरी नक्सल कहा और अब उन्हें दिमागी नक्सल कह रहे हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



