देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

Heavy Rain: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखं में मंगलवार सुबह बारिश हुई। चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। बारिश की वजस से वाहनों की रफ्तार थम गई। जलभराव की वजह से लोगों को परेशानी हुई। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में और बारिश होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इधर, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा में भी भारी बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया। लोगों को आने-जानें में परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानें, कहां-कितनी हुई बारिश
आईएमडी के अनुसार, शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक 32.4 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। रिज में 37.6 मिमी, लोधी रोड में 36.7 मिमी, आया नगर में चार मिमी और पालम में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारिश, भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
उत्तराखंड में भारी बारिश और यात्रा मार्गों पर कई जगह भूस्खलन होने के कारण मंगलवार को चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से अवरूद्ध होने तथा भारी वर्षा के अलर्ट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित की गई है।

अनावश्यक यात्रा से बचेंः पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं यात्रा मार्गों पर भूस्खलन की घटनाओं के दृष्टिगत चारधाम यात्रा को आज मंगलवार एवं कल के लिए स्थगित किया गया है। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सभी प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से अनुरोध है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें। कृपया मौसम विभाग एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बारिश, गर्मी से मिली राहत
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों में गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, खासकर निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह जाम लग गया।

हिमाचल के कई जिलों में बारिश, चंबा में मलबे में दबे कई वाहन
हिमाचल प्रदेश में राजधानी शिमला समेत कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जबकि चंबा जिले में भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। जहां करीब एक दर्जन वाहन और कई मकान मलबे में दब गए। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, सोमवार शाम भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद प्रदेश में कुल 108 सड़कें बंद हो गईं तथा 38 पेयजल योजनाएं और नौ ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। बारिश की वजह से लोगों को आने-जाने में परेशानी भी हो रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button