देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली में बारिश की संभावना, मुंबई में रेड अलर्ट जारी; ठाणे में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Monsoon: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। इसी के साथ अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक 160 दर्ज
विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 77 प्रतिशत दर्ज की गई। समीर एप के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 160 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
महाराष्ट्र में मुंबई और उसके आस-पास के शहरों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह कुछ धीमी पड़ गई। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लगातार तेज बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने लोगों से सतर्क रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

ठाणे में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, इमारत का एक हिस्सा ढहने से दो लोग घायल
ठाणे जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, इसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया, पेड़ गिर गए और एक इमारत का हिस्सा ढहने से दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ठाणे क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) को पिछले 24 घंटे में कुल 93 शिकायतें मिलीं जिनमें पेड़ व उसकी टहनियां गिरने की 46, जलभराव की 24, परिसर की दीवार ढहने की आठ और भूस्खलन की एक घटना शामिल हैं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button