Cyber Crime: अमित शाह ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन के लिए राष्ट्रीय स्तर के कॉल सेंटर की वकालत की, कहा हर नागरिक को समय पर मिले सहायता

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को निर्देश दिया कि साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक कॉल सेंटर स्थापित किया जाए, ताकि राज्यों के स्तर पर अनसुलझी या बिना निपटान वाली शिकायतों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके।
यह भी कहा अमित शाह ने
अमित शाह ने जोर दिया कि नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के जरिए मदद मांगने वाले हर नागरिक को समय पर सहायता मिलनी चाहिए और किसी भी शिकायत पर ध्यान दिए बिना या उसे लंबित नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। साइबर सुरक्षा को मजबूत करने तथा नागरिकों को तुरंत राहत पहुंचाने के नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाने के लिए निर्देश जारी किए।
हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
निर्देश दिया कि देश भर के कॉल सेंटर्स को एआई और इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करके आधुनिक बनाया जाए। इस काम के लिए एमएचए की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। कॉल का समय पर जवाब सुनिश्चित करने और साइबर धोखाधड़ी के शिकार लोगों को उनके पैसे जल्दी वापस दिलाने के लिए एसओपी को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही, म्यूल अकाउंट्स को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाने पर भी जोर दिया।(सारा जहां न्यूज नेटवर्क)


