Delhi Politics: प्रियंका गांधी बोलीं-हर जगह महिलाएं असुरक्षा का सामना कर रही, राहुल गांधी ने कहा-महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी के आरोपों पर अमित शाह दें जवाब

Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तीन अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके बाद मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शिकायतों को अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पीड़ित महिला पत्रकारों में से एक ने शनिवार को कहा कि एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ने उसका यौन उत्पीड़न किया।
हर जगह महिलाएं असुरक्षा का सामना कर रहीः प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि जंतर-मंतर पर रिपोर्टिंग के दौरान महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दर्जनों पत्रकारों के प्रदर्शन के बावजूद न एफआईआर दर्ज की गई, न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिलाओं का भी आरोप है कि पुलिस उनके साथ बहुत अभद्र तरीके से पेश आ रही है। जिस पुलिस का काम सुरक्षा देना है, उससे ही महिलाएं खतरा महसूस कर रही हैं। कालेज की छात्राओं से लेकर पत्रकार तक- हर जगह महिलाएं असुरक्षा का सामना कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह से पूछा है कि क्या महिलाओं के साथ ये बर्ताव उचित है? अगर नहीं तो आप इसका संज्ञान क्यों नहीं लेते?
महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी के आरोपों पर अमित शाह जवाब दें: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है ति जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार ने एक पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। घंटों से सैकड़ों पत्रकार सिर्फ़ इतनी मांग लेकर बैठे हैं कि एफआईआर दर्ज कर ली जाए। ये तो पुलिस का बुनियादी काम है न? वो भी नहीं किया। आज ही जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए गए। महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोप हैं। कैमरे छीने गए, पत्रकार घसीटे गए। और ये पहली बार नहीं है – इससे पहले भी हमने वीडियो सबूतों के साथ देखा है कि पुलिस के अफसर महिलाओं के साथ घिनौनी बदसलूकी करते हैं। पूरी दिल्ली की महिलाएं, छात्राएं अपनी सुरक्षा को लेकर घबराहट में हैं, सत्याग्रह कर रही हैं – मगर जिस पुलिस पर महिलाओं की हिफाजत की जिम्मेदारी है, वही महिलाओं पर हाथ उठा रही है। और एक महिला की शिकायत दर्ज करने से जो सरकार डरती है – वो आखिर किसकी हिफाजत कर रही है? दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन है। अमित शाह जी, कहां हैं आप? जवाब आपको ही देना है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



