Satyagraha: राहुल गांधी ने सत्याग्रह मंच की शुरुआत की, कहा-देशभर में अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाना है

Rahul Gandhi : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नामक एक नए मंच की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य देशभर में अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक साझा मंच पर लाना है। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर यह शुरुआत की और इससे जुड़ी वेबसाइट का लिंक भी साझा किया है।
कहा, अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं अपनी कहानी भेजिए
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। जेनजी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। सत्याग्रह इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है। बापू ने यही सिखाया था सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना। अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं अपनी कहानी भेजिए। दो मिनट लगेंगे। आपकी कहानी नक्शे पर आएगी। आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन लड़ रहा है। और मैं जो कर सकता हूं, करूंगा – संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी जरूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर नेता विपक्ष के रूप में ये मेरी जिम्मेदारी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



