Baramati Prerna Sthal: शरद पवार बोले, पीएम मोदी तीन नवंबर को बारामती स्थित प्रेरणा स्थल का करेंगे उद्घाटन

PM Modi: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन नवंबर को बारामती का दौरा करेंगे और नवनिर्मित प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करेंगे, जहां भगवान बुद्ध की चार टन वजनी प्रतिमा स्थापित की गई है।
कार्यक्रम में इनको किया आमंत्रित
शरद पवार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विद्या प्रतिष्ठान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला तथा माइक्रोसॉफ्ट के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। पवार इस शैक्षणिक ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे बारामती हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से सीधे विद्या प्रतिष्ठान जाएंगे। वहां वह नक्षत्र गार्डन में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा वाले प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करेंगे। परिसर में कई प्रमुख हस्तियों के चित्र और तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें राजमाता जीजाऊ, छत्रपति शिवाजी महाराज, अहिल्यादेवी होल्कर, ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, महात्मा गांधी, डॉ. बीआर आंबेडकर और पवार की मां शारदाबाई पवार शामिल हैं।
प्रधानमंत्री बारामती में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र का भी करेंगे दौरा
शरद पवार ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है जबकि भारत फोर्ज के प्रमुख को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री समेत अन्य विशिष्ट अतिथि बारामती में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) केंद्र का भी दौरा करेंगे, जहां अब तक 640 छात्रों ने दाखिला लिया है। मुख्य कार्यक्रम पूर्वाह्न करीब 11.45 बजे शुरू होगा, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री फडणवीस वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति पर भी चिंता जताई
शरद पवार ने महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति पर भी चिंता जताई और इस मुद्दे पर राजनीति किए बिना लोगों की मदद करने के राज्य सरकार के रुख का स्वागत किया।
ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर कहा, ध्यान दे सरकार
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर पवार ने कहा कि लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और केंद्र सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। (भाषा)



