Maharashtra News: ठाणे में शिवसेना उबाठा नेता प्रदीप पूर्णिकर की गोली मारकर हत्या, संजय राउत ने सीएम देवेंद्र फडणवीस पर साधा निशाना

Maharashtra News: शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बुधवार को ठाणे में पार्टी के एक पदाधिकारी की हत्या को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए इसे राज्य के गृह विभाग के लिए शर्मनाक बताया।
जानें, क्या है मामला
स्थानीय शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णिकर की मंगलवार रात करीब नौ बजे कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने और हमला किए जाने के कुछ देर बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया।
कहा, ठाणे अपराधियों और ड्रग माफियाओं का अड्डा बन गया
संजय राउत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के ठाणे डिवीजन प्रमुख प्रदीप पूर्णिकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई, यह सब गृह विभाग की करतूत है। वे शिंदे गुट की मीनाक्षी शिंदे के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे थे। स्थानीय मनोरमा नगर में वे बिल्डर लॉबी और ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे, उन्हें इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी,
ठाणे अपराधियों और ड्रग माफियाओं का अड्डा बन गया है, यह देवेंद्र फडणवीस की विफलता है और ठाणे के निवासियों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है, प्रदीप पूर्णिकर का बलिदान बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। बहादुर शिव सैनिक को भारी मन से श्रद्धांजलि। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



