Lata Mangeshkar: पीएम मोदी ने सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि, कहा-युग-युगांतर तक याद रहेगा उनका योगदान

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारतीय संगीत की दुनिया में उनके अतुलनीय योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में मशहूर संगीतकार दीनानाथ मंगेशकर के यहां हुआ था।
28 सितंबर को सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर का जन्मदिन
भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपनी आवाज और अपनी सुर साधना से बहुत छोटी उम्र में ही गायन में महारत हासिल की और विभिन्न भाषाओं में गीत गाए। पिछली पीढ़ी ने जहां लता की शोख और रूमानी आवाज का लुत्फ उठाया, वहीं मौजूदा पीढ़ी उनकी समन्दर की तरह ठहरी हुई परिपक्व गायकी को सुनते हुए बड़ी हुई है। उनका निधन छह फरवरी 2022 को हुआ था।
जयंती पर लता दीदी को किया नमन
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से विश्व में देश का नाम रोशन करने वालीं लता दीदी को उनकी जयंती पर नमन। उन्होंने भारतवर्ष को न केवल अपने सुमधुर सुरों से सजाया-संवारा, बल्कि देश की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को भी सदैव प्रोत्साहित किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युग-युगांतर तक स्मरणीय रहेगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



