Vote Chori: राहुल गांधी बोले-संविधान के दुश्मन हुए बेनकाब, होगा न्याय; भाजपा ने कहा-हार का ठीकरा निर्वाचन आयोग पर फोड़ रहे

Election Commission: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कथित मतभेदों की खबरों के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान के दुश्मन बेनकाब हो गए हैं और न्याय होकर रहेगा। राहुल गांधी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर शाम चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने शुरू की ऑनलाइन याचिका
भारतीय युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को एक ऑनलाइन याचिका शुरू की और लोगों से इसका समर्थन करने का आह्वान किया। कांग्रेस की युवा इकाई ने अपने इस अभियान को ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो (ज्ञानेश कुमार, अब हो गया) नाम दिया है।
राहुल गांधी चुनावी हार का ठीकरा निर्वाचन आयोग पर फोड़ रहे, कांग्रेस को तानाशाह की तरह चला रहे: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपनी पार्टी की चुनावी हार का ठीकरा निर्वाचन आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर फोड़ने के लिए तिनके का सहारा ले रहे हैं। केसवन ने दावा किया कि राहुल गांधी निर्वाचन आयोग पर हमला इसलिए कर रहे ,हैं ताकि लगातार हार के लिए अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी से बच सकें। (भाषा)



