Greater Noida Bus Fire: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी आग, नौ लोगों की मौत; पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया दुख

Greater Noida: दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे। बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।
चालक ने जलने की गंध नजरअंदाज की, बस रोकने से किया इनकार, कहा-मरना है तो मर जाओ, हम बस नहीं रोकेंगे
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग की चपेट में आई बस के चालक और परिचालक ने जलने की गंध को नजरअंदाज किया और यात्रियों की बार-बार चेतावनी के बावजूद बस रोकने से इनकार कर दिया। एक यात्री की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, जलने की गंध आने पर यात्रियों ने शोर मचाया और चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन चालक और परिचालक ने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार करते हुए कहा कि अगर मरना है तो मर जाओ, हम बस नहीं रोकेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में लोगों की मौत पर जताया दुख, अनुग्रह राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने से लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



