Kishau Project: किशाऊ परियोजना पर ऐतिहासिक समझौता, छह राज्यों को होगा फायदा, अमित शाह बोले- मोदी सरकार ने 10वां जल विवाद सुलझाया

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लंबे समय से अटके किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना से जुड़े समझौते को तिहासिक करार बताते हुए कहा कि मंगलवार को इस पर हस्ताक्षर किए गए। अमित शाह ने बताया कि यह नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पानी से जुड़े 10वें विवाद का समाधान है। इससे छह राज्यों को फायदा होगा।

ये राज्य होंगे लाभान्वित
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि मोदी सरकार में सहकारी संघवाद की भावना से राज्यों के बीच दशकों से लंबित विवाद सुलझ रहे हैं। आज नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए। दशकों से लंबित इस परियोजना को धरातल पर उतारने से इससे जुड़े सभी राज्य लाभान्वित होंगे। मोदी सरकार में आपसी सहयोग व समन्वय से एक के बाद एक जल विवादों का समाधान हो रहा है। इस परियोजना पर सहमति के साथ ही अब तक 10 जल विवाद सुलझाए जा चुके हैं। इस परियोजना से राज्यों की जल सुरक्षा सुनिश्चित होगी, सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी तथा यमुना जी के संरक्षण को भी नई गति मिलेगी।

किशाऊ बिजली परियोजना से हिमाचल को हर साल 1,200 करोड़ रुपये की कमाई होगी: सुखविंदर सिंह सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि किशाऊ बिजली परियोजना के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश को हर साल लगभग 1,200 करोड़ रुपये की कमाई होगी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



