Punjab Politics: गुलजार सिंह की मौत पर राहुल गांधी ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, कहा-हरपाल चीमा से इस्तीफा लें, निष्पक्ष जांच कराएं भगवंत मान

Punjab News: पंजाब में गुलजार सिंह की मौत के मामले में राजनीति गरमाने लगी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर एक ग्रामीण की कथित आत्महत्या को लेकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से तुरंत वित्त मंत्री हरपाल चीमा का इस्तीफा लेने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस ग्रामीण ने राज्य में लगातार जारी नशीली दवाओं की आपूर्ति को लेकर मंत्री हरपाल चीमा से सवाल किया था।
कहा, सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और टॉर्चर से मिलेगा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पंजाब की आप सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है – सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और टॉर्चर से मिलेगा। अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री से सिर्फ इतना पूछा कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है? बस इस बात पर उन्हें इतना प्रताड़ित और अपमानित किया गया, माफी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उन्होंने जहर खा लिया। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते हुए इलाज के अभाव में आखिरकार वो ज़िंदगी की जंग हार गए। पिछले हफ्ते मैंने एक युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया। सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं। गुलजार सिंह के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी एफआईआर में उनका नाम दर्ज किया जाए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



