राजनीति

Punjab Politics: पंजाब में नशे का मुद्दा फिर गरमाया, राहुल गांधी पर भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का पलटवार, जानें-किसने क्या कहा?

Punjab News: पंजाब में नशे का मुद्दा फिर गरमाने लगा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा है कि राहुल गांधी जी, लाशों पर राजनीति ना करो, पंजाबी इस तरह की राजनीति को पसंद नहीं करते। वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछा कि पंजाब में नशा कौन लाया?

कहा, पंजाब सरकार नशे के विरुद्ध निर्णायक युद्ध लड़ रही है
अरविंद केजरीवल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राहुल जी, पंजाब सरकार नशे के विरुद्ध निर्णायक युद्ध लड़ रही है। साथ ही, कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछा है कि पंजाब में नशा कौन लाया? आपकी कांग्रेस सरकार लाई। अकाली दल और बीजेपी की सरकार लाई। पहली बार पूरे देश में कोई राज्य नशे के खिलाफ इस तरह से युद्ध छेड़ रहा है। आज पंजाब सरकार कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी के फैलाए नशे को साफ करने की कोशिश कर रही है।

कहा, मुझे बेहद दुख है कि आप जैसा नेता लाशों के ऊपर गंदी राजनीति कर रहा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे बेहद दुख है कि आप जैसा नेता लाशों के ऊपर गंदी राजनीति कर रहा है। इस व्यक्ति की मौत पर राजनीति करने के लिए कल आपके विधायक भी जब उस गांव में गए तो गांव वालों ने उन्हें निकाल दिया। ये वीडियो देखिए। वो इसलिए क्योंकि जो आपने लिखा है वो सरासर झूठ है। मेरा आपसे निवेदन है कि आप भी एक चक्कर इस गांव का लगाकर आ जाइए। हमारी सरकार के किसी मंत्री, किसी विधायक का इस व्यक्ति की मौत से कोई लेना देना नहीं और आप इस तरह की गंदी राजनीति मत कीजिए।

मेरी सरकार में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगाः भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि राहुल गांधी जी, लाशों पर राजनीति ना करो, पंजाबी इस तरह की राजनीति को पसंद नहीं करते। ये देखिए कांग्रेस के नेता जब पीड़ित के गाँव जाकर भी यही गंदी राजनीति करने का प्रयास कर रहे थे, तो लोगों ने उन्हें वहां से भगा दिया। इस मामले में सभी आरोपियों को परिवार की निशानदेही पर पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया है। पंजाब में नशा फैलाने की जिम्मेदार अकाली, बीजेपी और कांग्रेसी सरकारें रही हैं। मेरी सरकार में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

जानें, क्या कहा था राहुल गांधी ने
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर एक ग्रामीण की कथित आत्महत्या को लेकर निशाना साधा था। इस मामले में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से तुरंत वित्त मंत्री हरपाल चीमा का इस्तीफा लेने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

कहा-सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में नाकाम क्यों है?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि इस ग्रामीण ने राज्य में लगातार जारी नशीली दवाओं की आपूर्ति को लेकर मंत्री हरपाल चीमा से सवाल किया था। पंजाब की आप सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है – सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और टार्चर से मिलेगा। अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री से सिर्फ इतना पूछा कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है? बस इस बात पर उन्हें इतना प्रताड़ित और अपमानित किया गया, माफी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उन्होंने जहर खा लिया। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते हुए इलाज के अभाव में आखिरकार वो जिंदगी की जंग हार गए। पिछले हफ्ते मैंने एक युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ़ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया। सरकार का काम जनता को जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं। गुलजार सिंह के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी एफआईआर में उनका नाम दर्ज किया जाए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button