राजनीति

Vikram Singh Murder Case: मणिपुरी संगीतकार विक्रम सिंह की हत्या के मामले में राहुल गांधी बोले-दोषियों को मिले सजा, मणिपुर के सीएम ने कहा-निष्पक्ष जांच हो

Delhi Crime: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह के भाई से फोन पर बात की और परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया। दक्षिण पूर्वी दिल्ली में 54 वर्षीय विक्रम सिंह की सोमवार को कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

कहा, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि मणिपुर के संगीतकार विक्रम सिंह अपने घर के बाहर हो रहे शोर को कम करने के लिए कुछ लोगों से कहने नीचे गए थे। इसी बात पर उन्हें पीट-पीटकर मार डाला गया। एक पिता की हत्या उसके अपने ही घर के बाहर देश की राजधानी में कर दी गई। ऐसी कई घटनाओं के बाद आज दिल्ली में रहने वाला हर नॉर्थ-ईस्ट का परिवार यही सवाल पूछ रहा है – क्या हम यहां सुरक्षित हैं? शाह का गृह मंत्रालय (एमएचए) और दिल्ली पुलिस इस बढ़ती अराजकता को रोकने के लिए क्या कर रही है, खासकर नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के खिलाफ? इस मामले की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। विक्रम के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

जानें, मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने क्या कहा
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मणिपुर के गिटार वादक एवं संगीतकार की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया। खेमचंद सिंह ने 54 वर्षीय चोंगथम विक्रम सिंह की मौत की कड़ी निंदा की।

दिल्ली भाजपा ने मणिपुरी संगीतकार की हत्या पर शोक जताया, घटना में नस्लीय पहलू होने से किया इंकार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने शहर में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की हत्या को भयावह घटना बताया और कहा कि इसमें कोई नस्लवादी पहलू नहीं है। केंद्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने एक बयान में विपक्षी दलों से अपील की कि वे गंदी राजनीति न करें और उनकी मौत को नस्लीय रंग न दें।

मणिपुरी संगीतकार की हत्या मामले में आठ-नौ दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा : रीजीजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि दक्षिण दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की हत्या के मामले में आठ से नौ दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा। उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button