देश-दुनिया

Answer Key: उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया निष्पक्ष, महंगी होने के आरोप गलत: एनटीए

NTA: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया सभी छात्रों के लिए निष्पक्ष है और इसके महंगा होने संबंधी चिंताओं को उसने खारिज कर दिया। एनटीए की उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया एक ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके तहत परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी (जैसे जेईई मेन, नीट या यूजीसी नेट) अनंतिम उत्तर कुंजी में किसी तरह की गलती होने पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

जानें, क्या कहा एनटीए ने
एनटीए ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आंसर की को चुनौती देने की प्रक्रिया के बहुत महंगे होने की चिंता पर उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी स्पष्टीकरण। आंसर की को चुनौती देने का सिस्टम इस तरह बनाया गया है कि यह हर छात्र के लिए निष्पक्ष हो, न कि सिर्फ उस छात्र के लिए जो चुनौती देता है। एक चुनौती, सबका फायदा। अगर कोई एक भी उम्मीदवार किसी सवाल को चुनौती देता है और विषय के विशेषज्ञ उस चुनौती को स्वीकार कर लेते हैं, तो बदली हुई आंसर की परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवारों पर लागू होती है।

यह भी कहा एनटीए ने
एनटीए के मुताबिक, सही होने पर फीस वापस मिल जाती है। जिस उम्मीदवार की चुनौती सही मानी जाती है, उसे 200 रुपये प्रति सवाल वापस कर दिए जाते हैं। यह फीस इसलिए रखी गई है ताकि बेकार की चुनौतियों से बचा जा सके, न कि सही चुनौतियों से फ़ायदा कमाने के लिए। इसलिए, अगर आपने कोई असली गलती पकड़ी है और उसे उठाया है, और वह सही पाई जाती है, तो न केवल आपको फीस वापस मिलेगी, बल्कि किसी भी उम्मीदवार की एक सही चुनौती लाखों दूसरे लोगों के लिए भी रिकॉर्ड को सही कर सकती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button