Dimagi Naxal: पीएम मोदी की टिप्पणी पर चिदंबरम का पलटवार, कहा-दिमागी नक्सल होने पर गर्व है

PM Modi: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिमागी नक्सल संबंधी टिप्पणी को लेकर उन पर कटाक्ष करते हुए रविवार को कहा कि मुझे दिमागी नक्सली होने पर गर्व है।
चिदंबरम ने इसलिए की टिप्पणी
चिदंबरम की यह टिप्पणी पीएम मोदी द्वारा देश को दिमागी नक्सलियों से आगाह किए जाने के एक दिन बाद आई है। चिदंबरम ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि दिमागी नक्सल होने पर गर्व है। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया था कि ऐसे लोगों ने व्यवस्था में अपनी पैठ बना ली है और वे नीतियों को प्रभावित करके समाज के लिए खतरा बने हुए हैं। पीएम मोदी ने नागरिकों से ऐसे लोगों की पहचान करने और उन्हें अलग-थलग करने का आग्रह किया था।
पीएम मोदी ने कहा था दिमागी नक्सल को पहचानना और अलग-थलग करना होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलवाद को खत्म करने में सफलता मिली है, लेकिन अब दिमागी नक्सल से सावधान रहना होगा तथा उनकी पहचान कर उन्हें अलग-थलग करना होगा। पीएम मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में कहा कि नक्सलवाद और माओवाद ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद किया, अनेक माताओं से उनके बेटे छीन लिए और परिवारों के सपनों को चूर-चूर कर दिया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



