देश-दुनिया

Jharkhand News: झारखंड के राज्यपाल बोले-भर्ती परीक्षाओं में धांधली बर्दाश्त नहीं, खामियां दूर करे सरकार

Dumka News: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली और गड़बड़ियां किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं तथा राज्य सरकार को परीक्षा प्रणाली की खामियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। राज्यपाल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब राज्य की भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी रहा।

यह भी कहा गंगवार ने
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दुमका पुलिस लाइंस में एक समारोह में गंगवार ने कहा कि प्रश्न पत्र लीक होने से कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता पाने का प्रयास करने वाले युवाओं का मनोबल और उनका भविष्य प्रभावित होता है। प्रश्नपत्र लीक होना और परीक्षाओं में किसी भी तरह की धांधली स्वीकार नहीं की जा सकती। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एक ऐसा मामला है जो सीधे तौर पर हमारे युवाओं के भविष्य और उनके भरोसे से जुड़ा हुआ है।

कहा, झारखंड के युवाओं को प्रतिभाशाली और मेहनती
झारखंड के युवाओं को प्रतिभाशाली और मेहनती बताते हुए गंगवार ने कहा कि राज्य सरकार को परीक्षा प्रणाली की कमियों की समीक्षा कर उन्हें दूर करना चाहिए। युवाओं की योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। उन्हें केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित रखने के बजाय हम निजी क्षेत्र और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रहे हैं। सरकार का ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और किसानों एवं वंचित वर्गों के कल्याण पर है। कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बल को आधुनिक प्रौद्योगिकी और संसाधनों से लैस किया जा रहा है।

दुमका में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का किया निरीक्षण
दुमका के डीसी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों व अमर शहीदों को नमन किया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button