Rahul Gandhi: राहुल गांधी बोले, धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के अलावा कुछ भी स्वीकार्य नहीं

Dharmendra Pradhan: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को किसी अन्य मंत्रालय में भेजे जाने की चर्चा चल रही है, लेकिन ऐसा कोई भी कदम छात्रों को स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भ्रष्ट और अक्षम शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग से कोई समझौता नहीं हो सकता।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से की मुलाकात
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर कुछ प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में धर्मेंद्र प्रधान को किसी अन्य मंत्रालय में भेजे जाने को लेकर कुछ चर्चा चल रही है। यह छात्रों को स्वीकार्य नहीं है और किसी को भी स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह (प्रधान) इस देश की सबसे मूल्यवान चीज, हमारे छात्रों और उनके भविष्य के बर्बाद करने के प्रतीक हैं। धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाना चाहिए।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
राहुल ने छात्रों पर हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों को दंडित किया जाना चाहिए तथा जवाबदेह ठहराया जाए। उन्होंने कहा कि इस पूरी मशीनरी के नेता नरेंद्र मोदी को छात्रों, और इस देश के भविष्य के साथ जो कुछ भी उन्होंने किया है, उसके लिए माफी मांगनी चाहिए। राहुल ने कहा कि ये युवा भारत के भविष्य हैं और सरकार चाहे जितनी भी ताकत लगा ले, उन्हें प्रदर्शन स्थल से नहीं हटा सकती। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के अतीत हैं और अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता। (भाषा)



