देश-दुनिया

Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक को अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, हालत स्थिर; आप ने की आलोचना

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि चिकित्सकीय सलाह और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया है।

सोनम वांगचुक लंबे समय तक भूखे रहने के कारण कमजोर हैं लेकिन हालत स्थिर है: सफदरजंग अस्पताल
दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ने शनिवार को कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लंबे समय तक भूखे रहने और शरीर में पानी की कमी के कारण कमजोर हो गए हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। जंतर-मंतर पर शनिवार सुबह वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस उन्हें सरकारी अस्पताल ले गई। पुलिस ने इसके लिए चिकित्सकीय सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला दिया। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि सोनम वांगचुक लंबे समय तक भूखे रहने और निर्जलीकरण के कारण कमजोर हो गए हैं। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें लगातार निगरानी, देखभाल और उपचार की आवश्यकता है। बयान के अनुसार, वांगचुक को शनिवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मेरी अनुमति के बिना सोनम वांगचुक का कोई इलाज न किया जाए, पत्नी ने कहा
दिल्ली के जंतर मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बीच उनकी पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना वांगचुक का किसी भी प्रकार का उपचार नहीं किया जाना चाहिए। वांगचुक को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानें, क्या है मामला
सोनम वांगचुक राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं और इस विवाद से जुड़े विद्यार्थियों की मौतों के मामलों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में जारी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। पिछले तीन सप्ताह के दौरान उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को चिकित्सकों ने बताया था कि भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से उनका वजन करीब 9.5 किलोग्राम घट गया है। साथ ही उनके रक्तचाप और रक्त शर्करा के स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद कॉजपा संस्थापक दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को घोषणा की कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के तुरंत बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।

आप ने सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित करने की आलोचना की
आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली पुलिस द्वारा कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की शनिवार को कड़ी आलोचना की, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग का आरोप लगाया और विद्यार्थियों से उनके आंदोलन को समर्थन जारी रखने की अपील की। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि 21 दिन से भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक की मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें जबरन अस्पताल भेज दिया गया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button