देश-दुनिया

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी हवाएं चलीं, राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप, दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचा

Weather News: दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में मंगलवार शाम को तेज धूल भरी हवाएं चलने के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर के कई हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि व मध्यम बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच, दिल्ली में कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई। मौसम में बदलाव की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

बारिश होने की संभावना
आईएमडी के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ मध्यम बारिश (हवा की गति 60-80 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटा, 90 किमी प्रति घंटा तक) और बिजली चमकने व ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप, श्रीगंगानगर में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
राजस्थान के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को उत्तरी बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच गया। केरल में चार जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक के साथ ही देश में चार महीने के वर्षा ऋतु की शुरुआत का संकेत मिल गया था। उत्तरी बंगाल आठ पूर्वोत्तर राज्यों का प्रवेश द्वार है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।(भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button