CBSE: सीबीएसई-ओएसएम विवाद पर राहुल गांधी बोले, पीएम मोदी चाहते हैं युवा रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें

OSM: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच मिलीभगत का पर्दाफाश करने वाले छात्र सार्थक सिद्धांत और उनके सहयोगी निसर्ग अधिकारी की सराहना की। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि युवा रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें, लेकिन इन दोनों युवाओं ने सवाल उठाए और जवाब भी ढूंढ़ निकाले।
साझा किया वीडियो
राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह सार्थक सिद्धांत के साथ अपनी मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया, जो सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम (ओएसएम) से प्रभावित 18 वर्षीय छात्र है और जिसने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में ओएसएम प्रक्रिया के लिए वेंडर के चयन की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की ओर इशारा किया है।
सार्थक की सोच, साहस और सिद्धांत में किसी से कम नहीं
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि सार्थक 18 साल का है पर सोच, साहस और सिद्धांत में किसी से कम नहीं। उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो कर दिखाया जो देश के बड़े मीडिया हाउस, खोजी पत्रकार नहीं कर पाए सीबीएसई और कोएम्प्ट की मिलीभगत को देश के सामने रख दिया।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के मुताबिक, मोदी जी चाहते हैं हमारे युवा रील बनाते रहें, पकौड़े तलते रहें, सवाल न पूछें, आंखें न खोलें। पर इन बच्चों ने सवाल भी पूछे। और जवाब भी ढूंढ निकाले।
18 साल का बच्चा सीबीएसई से तेज निकला
देश का 18 साल का बच्चा सीबीएसई से तेज निकला, नौजवानों की ये जीत सही मायने में सरकार की हार है। यही है भारत की असली युवा शक्ति – जिज्ञासु, जागरूक, जानकार। और याद रखिए, देश का भविष्य किसी बहकावे में नहीं आएगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



