UP News: सीएम योगी बोले-जो बोली से नहीं माना, वो गोली से माना

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले अपराध बढ़ते थे, जबकि अब कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। अपराधियों को सख्ती से काबू किया गया है। जो बोली से नहीं माना है तो गोली से जरूर मान गया है। योगी ने एक बार फिर अपराधियों और आतंकियों को सख्त चेतावनी दी है।
कहा, वोट अपनी ताकत दिखाता है
योगी ने कहा कि वोट अपनी ताकत दिखाता है। दिल्ली में यह वोट ही है, जिसकी बदौलत अयोध्या में राम मंदिर बनता है और जम्मू-कश्मीर में धारा 370 समाप्त होती है। जो पाकिस्तान रोज भारत को उकसाने का काम करता है, उसकी छाती पर जो मिसाइल दागी जाती है, उसका निर्माण हम लोग लखनऊ में करते हैं, और वही मिसाइल पाकिस्तान को कंपा देती है।
ब्रह्मोस मिसाइल की काट दुनिया के पास नहीं
योगी ने कहा कि पाकिस्तान बाप-बाप कहकर चिल्ला उठता है, क्योंकि ब्रह्मोस मिसाइल की काट दुनिया के पास नहीं है। इसका निर्माण लखनऊ में हो रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कट्टा और बम बनवाती थीं, जिनका इस्तेमाल निर्दोष लोगों और व्यापारियों को लूटने और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने के लिए किया जाता था।
हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
गोरखपुर में जनता दर्शन में लोगों की फरियाद पर सुनवाई करने के दौरान योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाया जाए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास, इलाज, बेटियों की शिक्षा और विवाह से लेकर निराश्रितों तथा बुजुर्गों की पेंशन तक, सरकार की अनेक योजनाएं समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित हैं और सभी पात्र लोगों से आवेदन कराकर योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाया जाए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



