राजनीति

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा पर भाजपा और टीएमसी के बीच आरोप प्रत्यारोप, जानें-किसने-क्या कहा?

Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद हिंसा से हर कोई चितिंत है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में आरोप और प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ने टीएमसी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया, जबकि ममता बनर्जी नीत पार्टी ने इस आरोप को खारिज किया। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भारतीय वायु सेना में सेवा देने से लेकर बंगाल में शुभेंदु के सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में से एक बनने वाले चंद्रनाथ का भाजपा नेता से दो दशक से अधिक पुराना नाता रहा।

चंद्रनाथ रथ की हत्या सुनियोजित साजिश, हमला करने से पहले हमलावरों ने रेकी की थी: शुभेंदु अधिकारी
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को सुनियोजित साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले रेकी की थी।

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या के कुछ घंटे बाद बम हमले में भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी में हुए कथित बम विस्फोट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई।

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या की निंदा करता हूं, बंगाल में कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहा: दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की चुनावी जीत के बावजूद कार्यकर्ताओं को अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष घोष ने कहा कि हिंसा की घटनाओं को तुरंत रोका जाना चाहिए। पश्चिम बंगाल में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button