Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। इस मौके पर कई नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने नीतीश को बधाई दी है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि नीतीश कुमार देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
जदयू ने नीतीश को दी बधाई
जदयू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने संसद भवन में राज्यसभा सदस्य के तौर पर राज्यसभा सभापति ने शपथ दिलाई। जदयू ने बिहार के नायक को बधाई है। नीतीश कुमार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उनकी समेकित योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन ने सबके विकास के संकल्प को साकार किया है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में दलित-महादलित, पिछड़ा-अति पिछड़ा, अल्पसंख्यक तथा अनारक्षित वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के समग्र उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
मेरे पिता नीतीश कुमार के योगदान को लोग नहीं भूलेंगे: निशांत कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने मंगलवार को कहा कि पिछले दो दशकों में उनके पिता द्वारा किए गए कार्यों को लोग कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने जनता से उनके, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और उनके पिता के प्रति समर्थन बनाए रखने की अपील की। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



