Uttarakhand Foundation Day: उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने 8,260 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

Uttarakhand News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तराखंड में 8,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
नौ नवंबर है उत्तराखंड की स्थापना का दिन
नौ नवंबर की तारीख इतिहास में उत्तराखंड के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज हैं। पृथक उत्तराखंड की मांग को लेकर कई वर्षों तक चले आंदोलन के बाद आखिरकार नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड को सत्ताइसवें राज्य के रूप में भारत गणराज्य में शामिल किया गया। वर्ष 2000 से 2006 तक इसे उत्तरांचल के नाम से पुकारा जाता था, लेकिन जनवरी 2007 में स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



