Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश से यातायात प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव; भारी बारिश का अलर्ट

Delhi-NCR News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। गाजियाबाद और नोएडा सहित एनसीआर के कई जिलों में भी बारिश हुई। जलभराव और जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।
जानें, कहां-कितना रहा तापमान
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज क्षेत्र में दर्ज किया गया, जो 24 डिग्री सेल्सियस था। पालम में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 27.4 और 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)



