राजनीति

LokSabha: पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के संस्मरण की प्रति लेकर संसद पहुंचे राहुल गांधी, पीएम मोदी पर साधा निशाना; ओम बिरला ने किया पलटवार

Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण की एक प्रति लेकर संसद पहुंचे और इसके एक अंश का हवाला देते हुए दावा किया कि जब चीन के टैंक भारत की सीमा की तरफ बढ़ रहे थे, उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं किया था। उनका कहना था कि यदि प्रधानमंत्री मोदी सदन में आते हैं तो वह यह पुस्तक उन्हें भेंट करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी सदन में आते हैं तो यह पुस्तक उन्हें भेंट करेंगे
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आज अगर प्रधानमंत्री संसद में आते हैं, तो मैं उन्हें एक किताब भेंट करूंगा।यह किताब किसी विपक्षी नेता की नहीं है। यह किताब किसी विदेशी लेखक की नहीं है। यह किताब है देश के पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की और हैरानी की बात यह है कि यह किताब कैबिनेट मंत्रियों के हिसाब से मौजूद ही नहीं है। इस किताब में साफ लिखा है कि जब चीनी सेना हमारी सीमा में घुस आई थी, ऐसी नाज़ुक घड़ी में सेना प्रमुख को इंतजार करवाया। और जब निर्णय लेने का वक्त आया, तो प्रधानमंत्री ने बस इतना कहा, जो आपको उचित लगे, वो कीजिए। यानी देश की सुरक्षा के सबसे गंभीर संकट में मोदी ने राजनीतिक जिम्मेदारी से हाथ खड़े कर लिए। जनरल नरवणे खुद लिखते हैं कि उस समय उन्हें महसूस हुआ कि राजनीतिक नेतृत्व ने सेना को अकेला छोड़ दिया। यही वह सच्चाई है जिसे बोलने से मुझे संसद में रोका जा रहा है। देश सवाल पूछ रहा है और सरकार जवाब देने से भाग रही है।

सरकार डरी हुई है, इसलिए राहुल गांधी को बोलने नहीं दे रही: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया कि सरकार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दे रही है, क्योंकि वह इस बात को लेकर डरी हुई है कि चीन के साथ सैन्य तनाव के समय की उसकी सच्चाई सामने आ जाएगी। राहुल गांधी ने सोमवार और मंगलवार को लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित लेख का हवाला देते हुए चीन से संबंधित मुद्दा उठाने का प्रयास किया था, लेकिन आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने मंगलवार को इस लेख को सत्यापित किया और सदन के पटल पर रखा। इस विषय और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर सदन में गतिरोध बना हुआ है।

बोलने की अनुमति देना, नहीं देना नियम प्रक्रिया से होता है निर्धारित, ओम बिरला का राहुल पर पलटवार
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर इशारों-इशारों में पलटवार करते हुए कहा कि सदन में बोलने की अनुमति देना या नहीं देना नियम-पक्रिया से निर्धारित होता है। राहुल गांधी ने मंगलवार को बिरला को पत्र लिखकर उन पर सरकार के इशारे पर खुद को सदन में बोलने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह लोकतंत्र पर काला धब्बा है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button